युवक ने महिला से छीने 14 हजार रुपये, लोगों ने पकड़कर की पिटाई
किशनगंज, 03 अगस्त (हि.स.)। शहर में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के बीच छिनतई की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। लाइन चपरासी मोहल्ला में एक महिला से 14 हजार रुपये छीनकर फरार हुआ युवक सोमवार को लोगों के हत्थे चढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पुराना खगड़ा निवासी एक महिला शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 14 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक उनका पीछा करता रहा और मौका मिलते ही रुपये छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला आरोपी की तलाश कर रही थी। सोमवार को लाइन चपरासी मोहल्ला में महिला की नजर उसी युवक पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने रुपये छीनने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक ने छीनी गई रकम वापस करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला और उनके साथ मौजूद लोग उसे अपने साथ ले गए। हालांकि, इस मामले में पुलिस को सूचना दिए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में नशे की बढ़ती लत के कारण युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

