छठ पर यात्रियों की सुविधा को लेकर डीआरएम ने किया सीवान जंक्शन का निरीक्षण
सीवान, 09 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर घर लौटने और वापस जाने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सीवान जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीवान जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, फुट ओवरब्रिज, स्वचालित सीढ़ियों, लिफ्ट, प्रतीक्षालय और वाटर बूथ का जायजा लिया। संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने और प्रवेश तथा निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने का निर्देश दिया। टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थित कतारें लगाने और ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की नियमित उद्घोषणा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए शिफ्टवार सफाई कराने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा। यात्री आश्रय केंद्र में यात्रियों की सहायता के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा बूथ और मिनी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सीवान जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने छठ के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को ट्रेनों की आवाजाही की नियमित जानकारी प्रसारित करने को कहा, ताकि यात्रियों को ट्रेन संबंधी सूचना के लिए परेशान नहीं होना पड़े।
स्टेशन निरीक्षण के बाद डीआरएम ने सीवान रेलवे कॉलोनी का भी जायजा लिया। यहां रेलकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कॉलोनी में नवनिर्मित पार्क का निरीक्षण करते हुए उसके बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानन्द, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ, सहायक मंडल इंजीनियर (सीवान) आशुतोष पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

