महाराजगंज में बनेगा नया स्टेशन भवन, गुड्स शेड और फुट ओवरब्रिज का डीआरएम ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
महाराजगंज में बनेगा नया स्टेशन भवन, गुड्स शेड और फुट ओवरब्रिज का डीआरएम ने लिया जायजा


महाराजगंज में बनेगा नया स्टेशन भवन, गुड्स शेड और फुट ओवरब्रिज का डीआरएम ने लिया जायजा


सीवान, 30 सितंबर (हि.स.)। वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बुधवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ दुरौंधा-मशरख रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने महाराजगंज हॉल्ट, निर्माणाधीन गुड्स शेड और बसन्तपुर हॉल्ट का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महाराजगंज हॉल्ट पर डीआरएम ने निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के सभी कमरों का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए नए स्टेशन भवन तक सीढ़ियों के साथ दिव्यांग रैंप बनाने तथा सर्कुलेटिंग एरिया में पार्किंग समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने को कहा।

निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी। डीआरएम ने स्टेशन परिसर में नियमित स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और यात्रियों की सुविधा व संरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के बेहतर रख-रखाव पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने महाराजगंज में निर्माणाधीन गुड्स शेड का निरीक्षण किया।

गुड्स शेड में उचित प्रवेश एवं निकास प्वाइंट, मर्चेंट रूम, लेबर शेड, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. क्रॉसिंग गेट पर निर्माणाधीन लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) का भी निरीक्षण किया और काम को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।

बसन्तपुर हॉल्ट के निरीक्षण में डीआरएम ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन पैनल, आईपीएस रूम और रिले रूम का निरीक्षण किया। यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालय एवं कर्मचारी रेस्ट रूम के प्रावधान का भी निर्देश दिया।

डीआरएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता, यात्री सुविधा और रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण मशूद अहमद समेत संबंधित अधिकारी व पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story