मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने छपरा जंक्शन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने छपरा जंक्शन का किया निरीक्षण


मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने छपरा जंक्शन का किया निरीक्षण


सारण, 15 जून (हि.स.)। छपरा पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने आज आगामी मानसून के आगमन को देखते हुए मण्डलीय अधिकारियों की टीम के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर जल निकासी, साफ-सफाई और यात्री सुख-सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया।

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि डीआरएम आशीष जैन ने प्लेटफॉर्मों, वॉटर बूथों, पैदल उपरिगामी पुलों तथा स्टेशन के दोनों तरफ के प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बारीकी से संज्ञान लिया। इसके साथ ही उन्होंने छपरा जंक्शन के दीर्घकालिक पुनर्विकास कार्य योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। स्टेशन को आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित करने के लिए स्थान चिन्हित किए गए और कार्य योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों से मंथन किया गया।

यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए डीआरएम ने परिचालनिक व्यवस्था और प्रबंधन को देखा। उन्होंने फूड स्टॉलों व वॉटर बूथों की जांच की और यात्रियों को शुद्ध पेयजल व गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानसून के मद्देनजर उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन के सभी नालों की समुचित सफाई कराने और जल निकासी में बाधक तत्वों को तत्काल हटाने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर; वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल विधुत इंजीनियर, मंडल परिचालान प्रबंधक, सहायक मंडल नगर इंजीनियर, सहायक मंडल इंजीनियर, छपरा, स्टेशन निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story