विद्यालयों सहित सरकारी-गैर सरकारी वाहन चालकों को दिया जाएगा सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालयों सहित सरकारी-गैर सरकारी वाहन चालकों को दिया जाएगा सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण


किशनगंज, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण देने की पहल की है। जिलाधिकारी सह जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार के निर्देशानुसार 22 नवंबर को जिला परिवहन कार्यालय, किशनगंज में सरकारी एवं गैर सरकारी वाहन चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इसमें विद्यालयों के वाहन चालकों को भी विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो अलग-अलग समय पर आयोजित होगा। पहली पाली में जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम अपराह्न एक बजे से शुरू होगा। वहीं, दूसरी पाली में जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में कार्यरत वाहन चालकों को अपराह्न तीन बजे प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण के लिए मोटरयान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षक, किशनगंज को प्रशिक्षण प्रदाता के रूप में नामित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन परिचालन, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।

गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी, किशनगंज ने सभी विद्यालय प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि उनके विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के चालकों की प्रशिक्षण में अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित कराएं। इसी तरह सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों को भी अपने वाहन चालकों को निर्धारित समय पर भेजने का निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी चालकों को आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने संबंधित विद्यालय प्रबंधकों एवं कार्यालयों से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि वाहन चालकों को प्रशिक्षित करने से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। विशेषकर स्कूली वाहनों के सुरक्षित परिचालन से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779579 Articles

Share this story