वार्ड 34 में कछुआ गति से नाला और सड़क निर्माण, त्योहारों के सीजन में बढ़ेगी भीखनपुर वासियों की परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
वार्ड 34 में कछुआ गति से नाला और सड़क निर्माण, त्योहारों के सीजन में बढ़ेगी भीखनपुर वासियों की परेशानी


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 34 अंतर्गत भीखनपुर बढ़ई टोला से आनंद बाग तक चल रहा नाला और सड़क निर्माण कार्य स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन गया है।

विभाग और ठेकेदार की उदासीनता के कारण बीते पांच महीनों से चल रहा नाला निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है, जबकि सड़क निर्माण का काम तो अभी शुरू होना भी बाकी है। निर्माण कार्य की बेहद धीमी गति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

आने वाले दिनों में दशहरा, दीपावली और बिहार का महापर्व छठ पूजा आने वाला है। इस गली में दो ऐतिहासिक काली मंदिर हैं, जहां हर साल भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है और विशाल मेले का आयोजन होता है।

स्थानीय निवासी महेश शर्मा, संजय कुमार, राहुल कुमार और कुणाल शर्मा ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि त्योहारों से पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ, तो मेले के दौरान स्थिति बेहद खराब हो जाएगी। श्रद्धालुओं को कीचड़, मलबे और गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ेगा, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

संजय कुमार का आरोप है कि निर्माण कार्य में न केवल देरी की जा रही है, बल्कि इसकी गुणवत्ता भी संदेह के घेरे में है। पूर्व में भी नाले की अनुचित ऊंचाई और घटिया निर्माण सामग्री को लेकर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया था और सवाल उठाए थे।

राहुल कुमार और कुणाल शर्मा ने कहा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं और जनता की जायज शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री और अधूरे पड़े नाले के कारण आए दिन बुजुर्ग, बच्चे और वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए और ठेकेदार को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का कड़ा निर्देश देना चाहिए, ताकि त्योहारों के इस मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story