डॉ. सीताचरण झा बने व्याकरण विभाग के नए अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 17 अप्रैल (हि.स.)। संस्कृत शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण खबर के रूप में, संस्कृत विश्वविद्यालय के व्याकरण विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉ. सीताचरण झा ने आज विधिवत रूप से विभागाध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया।

वर्तमान में मदनेश्वरनाथ संस्कृत महाविद्यालय, मदनेश्वरस्थान (मधुबनी) के प्राचार्य के रूप में कार्यरत डॉ. झा को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्याकरण विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. निशिकांत ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. झा आगामी तीन वर्षों या उनकी सेवानिवृत्ति (जो पहले हो) तक इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डॉ. झा का वेतन भुगतान उनके पैतृक महाविद्यालय से पूर्ववत जारी रहेगा। उन्होंने निवर्तमान विभागाध्यक्ष प्रो. दयानाथ झा से औपचारिक रूप से प्रभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर स्नातकोत्तर विभागों के कई प्राध्यापक उपस्थित रहे और नए विभागाध्यक्ष का स्वागत किया। पूर्व कुलपति प्रो. उमेश शर्मा, प्रो. दिलीप कुमार झा, डॉ. साधना शर्मा, डॉ. एल. सविता आर्या सहित अनेक शिक्षाविदों ने डॉ. सीताचरण झा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

शैक्षणिक क्षेत्र में डॉ. झा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि उनके मार्गदर्शन में व्याकरण विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story