महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक लोकतंत्र को अधिक सशक्त और समावेशी बनाएगा : प्रेम रंजन पटेल

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 28 नवंबर (हि.स.)। संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले महिला आरक्षण एवं परिसीमन विधेयक भारत के लोकतंत्र को अधिक सशक्त, समावेशी और प्रतिनिधिमूलक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होंगे। यह बात पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने शनिवार को कही।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश की नीति, नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने का संकल्प जमीन पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण देश की आधी आबादी को राजनीतिक नेतृत्व में उचित हिस्सेदारी देने का ऐतिहासिक अवसर है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र मजबूत होगा तथा सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलेगी।

पटेल ने कहा कि परिसीमन बदलती जनसंख्या और संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को व्यवस्थित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे विषयों को राजनीतिक स्वार्थ, भ्रम और विरोध की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता, नेतृत्व और प्रतिभा का प्रमाण दे रही हैं। ऐसे में संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी भी और मजबूत होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका देने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा नेता ने कहा कि महिला आरक्षण महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है, जबकि परिसीमन लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़ी प्रक्रिया है। इन दोनों विषयों पर विपक्षी दलों और देश के लोगों को राजनीतिक विरोध के बजाय सकारात्मक समर्थन देना चाहिए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story