दहेज हत्या के फरार आरोपी के घर की हुई कुर्की-जब्ती

WhatsApp Channel Join Now
दहेज हत्या के फरार आरोपी के घर की हुई कुर्की-जब्ती


पूर्वी चंपारण, 24 मई (हि.स.)। सुगौली थाना की पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दहेज हत्या के आरोपी के घर पर न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की-जब्ती की है।

थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि सुगांव निवासी विजय प्रसाद के पुत्र सोनू कुमार पर साल 2020 में दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कांड संख्या 560/20 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 304(B) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की थी।

घटना के बाद से ही आरोपी सोनू कुमार लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ कुर्की वारंट प्राप्त किया था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि कुर्की वारंट मिलने के बाद आरोपी के घर पर कानूनी नोटिस भी चस्पा किया गया था लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया।

आखिरकार पुलिस की टीम पूरी तैयारी के साथ सुगांव स्थित आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने पहुंची। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत घर के दरवाजे-खिड़कियां, चौकी-पलंग, गैस चूल्हा, पेटी-बक्सा समेत सभी घरेलू सामानों को जब्त कर थाना लायी।

कुर्की-जब्ती के दौरान पुलिस के कई जवान और चौकीदार शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story