चैंबर ऑफ कॉमर्स ने की फारबिसगंज स्टेशन पर बंद डोरमेट्री की सुविधा फिर से बहाल करने की मांग
अररिया 24 अगस्त(हि.स.)।
फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहले डोरमेट्री की सुविधा उपलब्ध थी,लेकिन कुछ वर्षों से यह सेवा बंद कर दी गई है।जिसको लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन ने डीआरएम समेत रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर बंद पड़े डोरमेट्री सेवा को स्टेशन पर फिर से बहाल करने की मांग की।
रोशन ने बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिवीजन के अंतर्गत आने वाला फारबिसगंज जंक्शन भारतीय रेलवे के नए स्टेशन वर्गीकरण के अनुसार नन सब अरबन ग्रुप अर्थात एनएसजी 5 श्रेणी में होने के बावजूद एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर स्थित यह स्टेशन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के बीच महत्वपूर्ण इंटरचेंज की भूमिका निभाता है।व्यापारिक एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण से भी फारबिसगंज जंक्शन का विशेष महत्व है। नेपाल सीमा के निकट होने के साथ-साथ यह क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी, व्यवसायिक प्रतिनिधि, रोजगार के सिलसिले में आने वाले लोग तथा रेल यात्री फारबिसगंज पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर कुछ वर्ष पूर्व तक यात्रियों के लिए एक अच्छा और सुविधाजनक डोरमेट्री उपलब्ध था, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। इसके बंद होने से बाहर से आने वाले व्यापारियों, अधिकारियों और यात्रियों को ठहरने के लिए महंगे होटलों का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि स्टेशन शहर के बीचों-बीच स्थित है। ऐसे में रेलवे परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती दर पर डोरमेट्री की सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों एवं व्यवसायिक वर्ग को काफी राहत मिलेगी। खासकर देर रात ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों तथा अगले दिन की ट्रेन अथवा व्यावसायिक कार्य के लिए रुकने वाले लोगों के लिए यह सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
राकेश रौशन ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे एवं कटिहार मंडल के अधिकारियों से फारबिसगंज जंक्शन पर बंद पड़े डोरमेट्री को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनः चालू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेलवे यदि डोरमेट्री का जीर्णोद्धार कर इसे स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती दर पर संचालित करता है तो इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

