विधि सेवा दिवस पर 9 नवंबर को चलेगा घर-घर विधिक जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 04 नवंबर (हि.स.)। विधि सेवा दिवस के अवसर पर आगामी 9 नवंबर को जिले के शहरी, ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में घर-घर विधिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य गरीब, असहाय, आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।

इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों की टीम गठित कर उनकी प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वयंसेवक निर्धारित पंचायतों, गांवों, टोलों, मोहल्लों एवं वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को विधिक सेवाओं की जानकारी देंगे।

अभियान के दौरान निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की पात्रता एवं प्रक्रिया, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता तथा आपसी सहमति से विवादों के समाधान की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा बच्चों के अधिकार, संरक्षण एवं बाल-अनुकूल विधिक सेवाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका समूहों एवं सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाई जा सके।

प्रतिनियुक्त सभी स्वयंसेवकों को अभियान के दौरान की गई गतिविधियों एवं जागरूक किए गए लोगों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story