परमान नदी के मीरगंज घाट एवं त्रिशूलिया घाट में होगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट एवं इको टूरिज्म प्लेस का निर्माण
अररिया 29 अगस्त(हि.स.)।
अररिया जिला में बहने वाली परमान नदी में गांगेय डॉल्फिन की अठखेलियों को देखने के लिए नदी के मीरगंज घाट एवं त्रिशूलिया घाट पर होगा डॉल्फिन व्यू प्वाइंट का निर्माण।
इलाके को इको टूरिज्म प्लेस के रूप में विकसित किया जाएगा।इसको लेकर डीएम विनोद दूहन ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने एवं राष्ट्रीय गंगा समिति को सूचित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश डीएफओ को दिया है।
डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की शनिवार को हुई बैठक में यह निर्देश दिया गया।बैठक में नदियों के पर्यावरणीय प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उपशमन एवं जल का सतत एवं पर्याप्त प्रवाह सुनिश्चित करने के साथ नदियों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण को लेकर समीक्षा की गई।
बैठक में जन जागरूकता, नदी में ठोस कचरा जाने से रोकने, नदियों की सफाई, पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन, नदी तटीय क्षेत्र के विकास, नदियों के चिह्नितीकरण एवं विकास तथा जल गुणवत्ता की नियमित जांच से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक की बिक्री पर रोक लगाने एवं थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर दंडित करने तथा इस संबंध में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा नदियों की सफाई के संबंध में जोगबनी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सहायक अभियंता के माध्यम से जाल से संबंधित प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया, ताकि नदी से कचरा एवं अन्य अपशिष्ट हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सभी ईओ नगर परिषद एवं पंचायत क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन नियमावली में निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने नदियों के जल की गुणवत्ता की जांच प्रत्येक माह कराने तथा जांच से संबंधित प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

