लंदन में फारबिसगंज के होम्योपैथ चिकित्सक डॉ पाल को मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान
अररिया 25 मई(हि.स.)।बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज शहर के चर्चित होम्योपैथ चिकित्सक डॉ जयंत कुमार पाल को इंग्लैंड की राजधानी लंदन में आयोजित चौथे विश्व होम्योपैथी शिखर सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से फारबिसगंज समेत संपूर्ण अररिया जिले में होम्योपैथ चिकित्सा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
लंदन के ऐतिहासिक संसद भवन परिसर में आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सर एलेस्टर कुक तथा दिग्गज क्रिकेटर डेविड गावर ने संयुक्त रूप से डॉ पाल को सम्मानित किया। समारोह में दुनिया के विभिन्न देशों से आए चिकित्सा विशेषज्ञों और होम्योपैथी चिकित्सकों की मौजूदगी रही।
फारबिसगंज शहर के वार्ड संख्या 14 स्थित कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी डॉ. पाल को होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान, मरीजों की सेवा और जनजागरूकता अभियान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सर एलेस्टर कुक ने कहा कि डॉ. पाल होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं डेविड गावर ने उनके कार्यों को मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
करीब चार दशक से चिकित्सा सेवा में सक्रिय डॉ. जयंत कुमार पाल ने सीमित संसाधनों के बीच वर्ष 1980 के दशक में अपने चिकित्सा सफर की शुरुआत की थी। वर्षों की मेहनत और सेवा भावना के बल पर उन्होंने हजारों मरीजों का इलाज किया और लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
डॉ. पाल का कहना है कि होम्योपैथी केवल वैकल्पिक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित प्रभावी चिकित्सा प्रणाली है, जो धैर्य और सही उपचार से गंभीर बीमारियों में भी लाभ पहुंचाती है।
मूल रूप से रानीगंज निवासी डॉ. पाल को चिकित्सा क्षेत्र में आने की प्रेरणा उनके पिता स्वर्गीय मुरारी मोहन पाल से मिली। उनके पिता मेडिकल दुकान संचालित करते थे, जहां से उन्होंने सेवा और चिकित्सा से जुड़ी बारीकियों को करीब से समझा। बाद में उन्होंने होम्योपैथी को अपना जीवन मिशन बना लिया।
डॉ. पाल को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने के बाद से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधायक मनोज विश्वास और मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती सहित कई जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे सीमांचल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

