बाढ़ का कहर, डीएम और एसपी ने रंगरा के बनिया गांव में किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ का कहर, डीएम और एसपी ने रंगरा के बनिया गांव में किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश


भागलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले में नदियों के बढ़ते जलस्तर और कोसी नदी के तेज बहाव के कारण तटबंध टूटने से उत्पन्न हुई संकटपूर्ण स्थिति के बीच प्रशासनिक तत्परता बढ़ गई है। शुक्रवार को भागलपुर के जिलाधिकारी और नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से रंगरा प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित बनिया गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नाव और पैदल चलकर बाढ़ के पानी में डूबे इलाकों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सीधे बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं, कठिनाइयों और मूलभूत आवश्यकताओं (जैसे राशन, प्लास्टिक शीट, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधा) की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

ग्रामीणों ने अधिकारियों को क्षेत्र में तेजी से फैल रहे बाढ़ के पानी और उससे हो रही परेशानियों से अवगत कराया। बाढ़ पीड़ितों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।

उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने, पशु चारे की व्यवस्था करने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और राहत कार्यों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे हर परिस्थिति में आम जनता के साथ खड़े हैं और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story