कोशी स्नातक चुनाव को लेकर डीएम ने कसी तैयारी की लगाम

WhatsApp Channel Join Now
कोशी स्नातक चुनाव को लेकर डीएम ने कसी तैयारी की लगाम


किशनगंज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी नवीन कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर और अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

डीएम ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, मतदान कर्मियों का डाटाबेस तैयार करने, प्रशिक्षण, रेंडमाइजेशन, परिवहन व्यवस्था, मतदान सामग्री की तैयारी, मतपेटिकाओं की साफ-सफाई, मतदान दलों को सामग्री वितरण, अंतिम ब्रीफिंग तथा रूट एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। जिले में कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 3,554 मतदाता हैं, जिनमें 2,898 पुरुष और 656 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रखंडवार सर्वाधिक 852 मतदाता कोचाधामन में हैं, जबकि बहादुरगंज में 521, ठाकुरगंज में 541, दिघलबैंक में 323, पोठिया में 347, टेढ़ागाछ में 214 और किशनगंज प्रखंड में 182 मतदाता हैं। किशनगंज अनुमंडल के मतदान केंद्र पर 574 मतदाता हैं।

मतदान के दौरान पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी सेवा पहचान-पत्र, सांसद-विधायक-पार्षद पहचान-पत्र, शैक्षणिक संस्थान का सेवा पहचान-पत्र, मूल डिग्री/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे। बैठक में अपर समाहर्ता, विभागीय जांच के अपर समाहर्ता, उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित कोषांग पदाधिकारी सहित सभी बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story