कोसी के जलस्तर को लेकर अफवाहों से बचे, प्रशासन की अपील

WhatsApp Channel Join Now
कोसी के जलस्तर को लेकर अफवाहों से बचे, प्रशासन की अपील


सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। कोसी नदी के जलस्तर को लेकर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से सतर्क रहने और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि लोग कोसी नदी के जलस्तर से संबंधित केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।प्रशासन के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे कोसी बराज क्षेत्र से डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 1,46,325 क्यूसेक दर्ज किया गया। इसके अलावा पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में 4,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि पूर्वी कोसी मुख्य नहर में डिस्चार्ज शून्य है। इस प्रकार कुल डिस्चार्ज 1,50,325 क्यूसेक दर्ज किया गया। इस समय बैराज के 17 गेट खुले हैं। वहीं, 27 अगस्त को शाम 6 बजे बराज का जलस्तर/प्रवाह 1,00,250 क्यूसेक दर्ज किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों को अनावश्यक रूप से घबराने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी को आगे प्रसारित न करें। आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन की ओर से समय-समय पर आवश्यक सूचना और दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। लोगों से इन्हीं आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर अपनी गतिविधियां तय करने को कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण तटबंध के भीतर और नदी किनारे बसे इलाकों में लोगों की चिंता बनी रहती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अफवाहों के प्रसार पर रोक लगाने और लोगों में अनावश्यक भय की स्थिति पैदा न होने देने के लिए यह अपील जारी की है। जिला प्रशासन ने कहा है कि कोसी नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास करने के बजाय प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story