डीएम और एसपी ने श्रावणी मेला को लेकर सुन्दरनाथ धाम का लिया जायजा,सोमवारी पर वाहनों के प्रवेश पर लगाई रोक
अररिया 01 अगस्त(हि.स.)। कुर्साकांटा प्रखंड स्थित बाबा सुन्दरनाथ धाम मंदिर और श्रावणी मास के मद्देनजर लगने वाले मेला को लेकर डीएम विनोद कुमार और एसपी जितेन्द्र कुमार ने शनिवार को मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बैठक कर मंत्रणा की।श्रावणी सोमवारी एवं श्रावण पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया।
इस दौरान सुंदरी मठ न्यास समिति के अध्यक्ष सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल सहित जिले के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।
इसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में सुंदरी मठ न्यास समिति के अध्यक्ष विजय कुमार मंडल की उपस्थिति में समिति सदस्यों एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्धारा मंदिर समिति से श्रावणी सोमवारी एवं श्रावण पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, जलाभिषेक व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं अंचलाधिकारी को कुर्साकांटा हत्ता चौक से रजौला चौक तक अतिक्रमण हटाने तथा सड़क की आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिलाधिकारी ने जलाभिषेक की व्यवस्था की भी विस्तृत जानकारी ली और अनुमंडल पदाधिकारी को श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सुन्दरनाथ धाम में मंदिर समिति द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सोमवारी एवं श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर किसी भी प्रकार के वाहन को मंदिर के समीप नहीं आने दिया जाएगा। दुपहिया एवं तीन पहिया वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर के पूरब स्थित सुंदरी टावर चौक तथा पश्चिम में रजौला चौक के समीप बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। दोनों स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। श्रद्धालु निर्धारित स्थान से पैदल सुन्दरनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर सकेंगे।
निरीक्षण एवं बैठक में सदर एसडीओ, डीएसपी मुख्यालय,बीडीओ,सीओ सहित सभी समिति सदस्य, संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

