छठ की तैयारियों का जायजा लेने आधी रात सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और घाटों तक किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
छठ की तैयारियों का जायजा लेने आधी रात सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और घाटों तक किया निरीक्षण


सीवान, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में बुधवार की देर रात जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी शहर की व्यवस्था का जायजा लेने निकले। दोनों अधिकारियों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, सजावट और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सीवान बस स्टैंड से हुई। यहां डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को परिसर में बेहतर रंग-रोगन, साफ-सफाई और आकर्षक सजावट कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ पर दूसरे शहरों और प्रदेशों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। ऐसे में बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था दिखनी चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों के बीच सीवान की अच्छी छवि बने। इसके बाद डीएम और एसपी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां दोनों अधिकारियों ने सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएम ने रेल प्रशासन के अधिकारियों को छठ के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और यात्री सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को परेशानी नहीं हो। इसके बाद अधिकारियों ने दाहा नदी पुल, राजेंद्र स्टेडियम के पास स्थित पंचमंदिरा पोखर और गांधी मैदान के समीप स्थित पोखर का निरीक्षण किया।

इन घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक सजावट समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घाटों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ, एसडीपीओ सहित नगर परिषद, विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776165 Articles

Share this story