डीएम ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, नियमित कक्षा संचालन और साफ-सफाई पर दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, नियमित कक्षा संचालन और साफ-सफाई पर दिए निर्देश


डीएम ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, नियमित कक्षा संचालन और साफ-सफाई पर दिए निर्देश


सुपौल, 02 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को किशनपुर प्रखंड स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलवरिया का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षा संचालन एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को रूटीन के अनुसार नियमित रूप से कक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी वर्ग कक्षों में कक्षा संचालन का रूटीन प्रदर्शित करने तथा शिक्षकों को निर्धारित पाठ-टीका के अनुसार पढ़ाने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए गत वर्षों में पूछे गए प्रश्नों की जानकारी भी कक्षा संचालन के दौरान देने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय आने वाले सभी विद्यार्थियों को निर्धारित ड्रेस में आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने उसी परिसर में संचालित मध्य विद्यालय फुलवरिया का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में रूटीन के अनुसार कक्षा संचालन नहीं होने तथा परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाध्यापक को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।

डीएम ने विद्यालय विकास मद में प्राप्त राशि का नियमानुसार उपयोग करते हुए विद्यालय भवन में रंग-रोगन समेत आवश्यक कार्य कराने का भी निर्देश दिया। वहीं, विद्यालय के एक शिक्षक को दूसरे विद्यालय में प्रतिनियुक्त किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या कम है, वहां से शिक्षकों को अन्य विद्यालयों में प्रतिनियुक्त नहीं किया जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, किशनपुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story