जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया जिला सामान्य शाखा का औचक निरीक्षण
सारण, 26 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिला सामान्य शाखा का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव और जन-सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने जवाबदेही तय करने और स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की छत की तत्काल मरम्मती कराने, जीर्ण-शीर्ण आलमारियों को हटाने और आवश्यक दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए नए स्टील के ट्रंक खरीदने के निर्देश दिए। अनुपयोगी कागजों को नियमानुसार विनष्ट करने को कहा गया।
आम जनता की सुविधा के लिए कार्यालय के प्रवेश द्वार पर एक हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां आगत-निर्गत कर्मी नागरिकों का मार्गदर्शन करेंगे।
जिलाधिकारी ने लिपिकों की लॉगबुक, इंडेक्स रजिस्टर और आगत, निर्गत पंजी की जांच की। उन्होंने फाइलों के निपटारे में अनावश्यक विलंब न करने की कड़ी चेतावनी दी। इसके अलावा, जेपी सेनानी पेंशन के आवेदनों को वर्तमान स्थिति के साथ सूचीबद्ध करने और चरित्र सत्यापन के मामलों में देरी होने पर थानों को स्मार पत्र भेजकर हर माह वरीय पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया।
मानवाधिकार मामलों में समय पर रिमाइंडर भेजने तथा चौकीदारों के विरुद्ध चल रही अनुशासनिक कार्रवाई में अत्यधिक देरी पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित लिपिक एवं प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण मांगा है।
उन्होंने अपर समाहर्त्ता को सभी लंबित मामलों की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सामान्य शाखा प्रभारी ज़ेबा अर्शी एवं शस्त्र शाखा प्रभारी जावेद एक़बाल मुख्य रूप से उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

