हरित ऊर्जा के बढ़ावा देने के लिए प्रचार रथों को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ-हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से अधिकारी द्वय ने समाहरणालय परिसर से बिहार इलेक्ट्रिक वाहन संशोधन नीति 2026 के प्रचार-प्रसार हेतु पाँच इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को गति देने के लिए सरकार द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मुख्यमंत्री बिहार पर्यावरण अनुकूल परिवहन रोजगार योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएँ चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आम लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रचार रथ को रवाना किया गया है।
सरकार की नीति के तहत बिहार में क्रय और निबंधित इलेक्ट्रिक वाहनों पर आकर्षक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है जिसके तहत तिपहिया मालवाहक वाहन हेतु सामान्य वर्ग के लिए 50,000 रुपए तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए 60,000 रुपए की वित्तीय सहायता। दोपहिया वाहन हेतु सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए 10,000 रुपए तथा एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए 12,000 रुपए की सब्सिडी तथा चार पहिया वाहन हेतु केवल महिला खरीदारों को प्रति वाहन1,00,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, इलेक्ट्रिक वाहनों के क्रय पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क में 50% की सीधी छूट दी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रोत्साहन राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

