छपरा में जिलाधिकारी ने बुडको को 24 * 7 काम करने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में जिलाधिकारी ने बुडको को 24 * 7 काम करने का दिया निर्देश


छपरा में जिलाधिकारी ने बुडको को 24 * 7 काम करने का दिया निर्देश


सारण, 12 मई (हि.स.)। शहर को जल-जमाव की पुरानी समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि खनुआ नाला सहित नगर निगम के सभी निर्माणाधीन नालों का कार्य मई माह के अंत तक शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाए।

जिलाधिकारी ने बुडको को 24×7 शिफ्ट में काम करने और अतिरिक्त संसाधन झोंकने का आदेश दिया है ताकि मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त हो सके। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगरपालिका चौक से मौना चौक के बीच पुल निर्माण निगम द्वारा प्री-कास्ट ड्रेन का निर्माण किया जाएगा।

इसके लिए संरचनाएं तैयार हैं और डबल डेकर पुल के फाउंडेशन का काम खत्म होते ही इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर शुरू किया जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बुडको, नगर निगम और पुल निर्माण निगम को उच्च क्षमता वाले पंपों का पर्याप्त इंतजाम रखने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी कड़े लहजे में कहा कि 20 मई तक सभी छोटे-बड़े नालों की गाद निकाल ली जाए और निकालने के 24 घंटे के भीतर उसे वहां से हटाया जाए। कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस बार सोशल ऑडिट कराया जाएगा जिसमें स्थानीय निवासियों का फीडबैक लिया जाएगा। साथ ही अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्वतंत्र रूप से भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा।

अतिक्रमण पर उन्होंने अंचलाधिकारी सदर को निर्देश दिया गया कि गांधी चौक से गरखा ढाला तक डबल डेकर के रैंप निर्माण में बाधक हर बाधा को प्राथमिकता से हटाएँ। बैठक में उपविकास आयुक्त, नगर आयुक्त और बुडको समेत विभिन्न विभागों के अभियंता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story