जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनी 70 फरियादियों की समस्याएं
सारण, 08 जून (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए समाहरणालय में जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 70 आवेदकों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और उनके निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। आज के जनता दरबार में सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े रहे।
मामलों की सुनवाई के दौरान जलालपुर के एक आवेदक ने अपनी जमीन पर असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन अवैध कब्जा करने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी जलालपुर और थाना प्रभारी कोपा को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर अविलंब निराकरण करने का आदेश दिया। वहीं तरैया से आए एक अन्य आवेदक ने बताया कि नए मकान में बिजली कनेक्शन के लिए उन्हें बांस के सहारे असुरक्षित तरीके से तार ले जाना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति को तत्काल वहां बिजली का पोल लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त दिघवारा के एक आवेदक ने अनुकंपा के आधार पर जनवितरण प्रणाली लाइसेंस का आवेदन लंबे समय से लंबित होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस मामले को जिला अनुकंपा समिति की आगामी बैठक में रखकर इसका हर हाल में निष्पादन कराएं। अन्य सभी विभागों से संबंधित आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

