ग्रामीण योजनाओं में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, आवंटन राशि का शीघ्र भुगतान करें अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण योजनाओं में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, आवंटन राशि का शीघ्र भुगतान करें अधिकारी


सीवान, 11 जुलाई (हि.स.)। जिला समन्वय समिति की बैठक शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में वीबी-ग्राम, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, ग्रामीण आवास योजना तथा पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने वीबी-ग्राम योजना के तहत प्राप्त आवंटन का नियमानुसार शीघ्र भुगतान करने का निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण एवं पौधारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जल-जीवन-हरियाली अभियान को मजबूती मिले और केंद्र व राज्य सरकार के श्रमिक भुगतान अनुपात में सुधार हो।

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड में बड़ी एवं प्रभावी योजनाओं की पहचान कर उन्हें मॉडल परियोजना के रूप में विकसित किया जाए। वहीं, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचम वित्त आयोग की राशि का ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समितियों में नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में अब तक सोलर लाइट नहीं लगाई गई है, वहां शीघ्र स्थापना कराई जाए तथा पहले से लगी सोलर लाइटों के नियमित संचालन और रखरखाव की प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि विभाग से राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के सभी लंबित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की पूर्व में जेनरेट ऑर्डरशीट के आधार पर लाभुकों के खातों में राशि शीघ्र हस्तांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि आवास निर्माण समय पर पूरा हो सके।

साथ ही सभी बीडीओ को एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से आवास योजनाओं का नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश भी दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story