डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश


दरभंगा, 08 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी-डीसी बिल, सहकारिता, कृषि,

राजस्व, लोक शिकायत तथा विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को शिविर तथा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

समीक्षा के क्रम में बताया गया कि 2 जून को आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न पंचायतों एवं नगर निकायों से कुल 6,527 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से अब तक 4,208 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जो लगभग 65 प्रतिशत है। वहीं 124 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया है तथा 2,195 आवेदन अभी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष लंबित आवेदनों का निष्पादन अगले चार दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के लिए जिले में कुल 48 स्थलों का चयन किया गया है। प्रत्येक प्रखंड में दो-दो स्थानों पर तथा नगर निगम एवं अन्य नगर निकाय क्षेत्रों में एक-एक वार्ड में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी वरीय पदाधिकारियों को शिविर स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उपनिदेशक सत्येंद्र प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story