दाहा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने पर जोर, संरक्षण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
सीवान, 22 जुलाई (हि.स.)। दाहा नदी के संरक्षण, स्वच्छता एवं पुनर्जीवन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला गंगा समिति विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में दाहा नदी की सफाई, नदी में अपशिष्ट प्रवाह की रोकथाम, स्थापित मैकेनिकल स्क्रीन के संचालन एवं अनुरक्षण तथा जल गुणवत्ता जांच प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। साथ ही दाहा नदी के पुनर्जीवन के लिए तैयार की जा रही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
डीएम ने नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दाहा नदी के घाटों पर प्रत्येक 50 मीटर की दूरी पर ट्विन डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि नदी में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने नमामि गंगे अभियान के तहत नदी तटों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर दाहा नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा जनसहभागिता के माध्यम से नदी संरक्षण अभियान को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि दाहा नदी का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के कार्यपालक अभियंता, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

