स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


सीवान, 12 मई (स.)। विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों का रोस्टर व्यवस्थित रूप से संधारित कर नियमित कार्य सुनिश्चित किया जाए. जिन अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी है और अन्य संस्थानों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक उपलब्ध हैं, वहां से चिकित्सकों का रेशनलाइजेशन करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया।

डीएम ने जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित ईडीएल के अनुरूप शत-प्रतिशत दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को अस्पताल में आवश्यक दवाएं आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए.बैठक में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को हमेशा कार्यरत स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों की सतत निगरानी हो सके।

साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों की उपलब्धि में सुधार लाने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.समीक्षा बैठक के बाद जिला अंतर्गत दस राज्य स्तरीय एनक्यूएएस यानी “राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक” प्रमाणीकृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र वितरित किया गया।

इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.बैठक में सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद, संचारी रोग पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ अनिल कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार सिंह समेत जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story