मैरवा में डीएम ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों संग की समन्वय बैठक, पर्व-त्योहारों को लेकर दिए निर्देश
सीवान, 26 अगस्त (हि.स.)।
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बुधवार को मैरवा में प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक एवं समन्वयात्मक बैठक की।
बैठक में क्षेत्र के विकास, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं तथा आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दे डीएम के समक्ष रखे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक में सैयद इकबाल ने छह माह से पेंशन नहीं मिलने की समस्या उठाई। बड़गांव के मुखिया ने जलजमाव के कारण कृषि योग्य भूमि प्रभावित होने की शिकायत की। सेवतापुर के मुखिया अर्जुन साह ने प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति की जानकारी मांगी। संबंधित पदाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए करीब 167 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है और इससे संबंधित प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजने की प्रक्रिया में है। सौमिल उपाध्याय ने विद्युत आपूर्ति एवं जलजमाव की समस्या रखी, जबकि नगर पंचायत की चेयरमैन किस्मती देवी ने लो-वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आगामी तीज एवं अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए डीएम ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें और पर्व-त्योहार आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। जुलूस अथवा किसी आयोजन के दौरान धारदार हथियारों का प्रदर्शन तथा डीजे का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निगरानी की जाएगी।
मैरवा पहुंचने पर डीएम ने नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न भवनों एवं निर्माणाधीन ब्लॉकों में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित प्रखंड भवन का निरीक्षण कर शेष कार्यों की जानकारी ली और उन्हें तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड एवं अंचल स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

