पावापुरी महोत्सव में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन धर्मावलंबियों की रहेगी सहभागिता, डीएम ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
पावापुरी महोत्सव में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन धर्मावलंबियों की रहेगी सहभागिता, डीएम ने की समीक्षा


नालंदा, बिहारशरीफ 04 नवंबर (हि.स.)। आगामी 7 एवं 8 नवंबर को आयोजित होने वाले पावापुरी महोत्सव की तैयारियों का डीएम ने बुधवार को विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान महोत्सव स्थल का भ्रमण कर आयोजन स्थल के समतलीकरण, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने का निर्देश नगर पंचायत पावापुरी को दिया गया है।

आयोजन स्थल पर पानी का जमाव नहीं रहे तथा परिसर पूरी तरह व्यवस्थित और स्वच्छ रहे, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इस महोत्सव में दिगम्बर एवं श्वेताम्बर दोनों जैन संप्रदायों के श्रद्धालुओं की सहभागिता रहती है। 7 नवंबर को महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर राज्यपाल के आगमन की भी संभावित सहमति प्राप्त हुई है। वहीं, 7 नवंबर की सुबह दिगम्बर जैन धर्मावलंबियों द्वारा लगभग डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। 8 नवंबर को भी जुलूस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसके अतिरिक्त 8 एवं 9 नवंबर को श्वेताम्बर जैन धर्मावलंबियों के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इन सभी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में महोत्सव स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पावापुरी मोड़ से जल मंदिर तक के मार्ग पर विशेष रूप से साफ-सफाई, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को अविलंब ठीक कराने तथा पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने महोत्सव की विभिन्न समितियों की बैठक आयोजित कर संबंधित सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story