डीएम ने राजस्व कर्मचारी इम्तियाज आलम को सेवा से किया बर्खास्त

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने राजस्व कर्मचारी इम्तियाज आलम को सेवा से किया बर्खास्त


अररिया 20 अप्रैल(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने नरपतगंज अंचल कार्यालय के निलंबित राजस्व कर्मचारी मो.इम्तियाज आलम को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के प्रमाणित होने के बाद की गई है।

जारी आदेशानुसार, ग्राम रामघाट कोशकापुर निवासी कमलेश्वरी यादव के भूमि संबंधित ऑनलाइन नाम व रकवा सुधार के आवेदन के निष्पादन के लिए आरोपी कर्मचारी द्वारा 15 हजार रुपये की अवैध राशि की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग की टीम ने 20 जनवरी को विशेष कार्रवाई करते हुए मो. इम्तियाज आलम को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू की गई। जांच के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों एवं निगरानी विभाग की रिपोर्ट में आरोपों को पूरी तरह सत्य पाया गया। संचालन पदाधिकारी द्वारा भी अपने प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि की गई।

विभागीय प्रक्रिया के तहत आरोपी को कई अवसर दिए गए, लेकिन संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरती और भ्रष्ट आचरण से सरकारी छवि को धूमिल किया।

अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा सभी तथ्यों, साक्ष्यों एवं नियमों के आलोक में आरोपी का कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन है। इसके आधार पर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया।

राजस्व कर्मचारी मो. इम्तियाज आलम से अपने बचाव में प्राप्त स्पष्टीकरण, उपस्थापन पदाधिकारी का मंतव्य एवं संचालन पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, फारबिसगंज द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के सम्यक समीक्षोपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली-2005 यथा संशोधित नियमावली-2007 के नियम 14 (Xi) के तहत सेवा बर्खास्त की कार्रवाई की।

जिला पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story