सुपौल–अररिया नई रेल लाइन परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण
सुपौल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले में निर्माणाधीन सुपौल–अररिया नई रेल लाइन परियोजना को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने त्रिवेणीगंज–जदिया रेलखंड का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रेखांकन (अलाइनमेंट) का अवलोकन करने पर पाया गया कि त्रिवेणीगंज–जदिया रेलखंड में लगभग सात स्थानों पर नहरें पड़ रही हैं।
इन स्थानों पर रेल पुलों का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर एनओसी प्राप्त करें, ताकि पुल निर्माण का कार्य बिना विलंब शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की सफलता के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी संबंधित विभाग समय पर आवश्यक अनुमतियां उपलब्ध कराएं, जिससे निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि प्रस्तावित रेल लाइन के रेखांकन में कुछ स्थानों पर विभिन्न प्रकार की संरचनाएं मौजूद हैं। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमानुसार ऐसी संरचनाओं को जल्द हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि निर्माण एजेंसी को किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भूमि उपलब्ध है और कोई अवरोध नहीं है, वहां निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। वहीं जिन स्थानों पर प्रशासनिक या तकनीकी समस्याएं हैं, उनका भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली इस परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों ने जिलाधिकारी को परियोजना की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहां आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियां प्राप्त हो रही हैं, वहां निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सुपौल–अररिया नई रेल लाइन परियोजना के पूरा होने से सुपौल, त्रिवेणीगंज, जदिया और अररिया सहित कोसी क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं कृषि, व्यापार और स्थानीय उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वर्षों से इस परियोजना के पूरा होने का इंतजार कर रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

