महानंदा लीफ इकाई पहुंचे डीएम नवीन कुमार, गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महानंदा लीफ इकाई पहुंचे डीएम नवीन कुमार, गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश


किशनगंज, 08 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को पोठिया स्थित जीविका दीदियों द्वारा संचालित महानंदा लीफ टी प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई का निरीक्षण कर उत्पादन व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने चायपत्ती निर्माण की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से देखा और द्वितीय सीजन में अब तक हुए उत्पादन की जानकारी जीविका दीदियों से प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महानंदा लीफ चायपत्ती आज किशनगंज की पहचान बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने महिला उद्यमिता की प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। जो महिलाएं कभी चाय बागानों में पत्तियां तोड़ने का कार्य करती थीं, वे आज आधुनिक टी फैक्ट्री का सफल संचालन कर रही हैं। इससे न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को भी नई दिशा मिली है।

जिलाधिकारी ने द्वितीय सीजन की उत्पादन प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण चायपत्ती उत्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बिक्री और ब्रांडिंग को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि महानंदा लीफ चायपत्ती को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाई जा सके।

उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता और प्रभावी विपणन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के लिए व्यापक बाजार तैयार किया जा सकता है। जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने बताया कि पिछले वर्ष बिहार सरकार से टी फैक्ट्री मिलने के बाद यह महानंदा लीफ चायपत्ती उत्पादन का दूसरा सीजन है।

इस सीजन अब तक करीब आठ लाख 63 हजार किलोग्राम हरी चायपत्ती किसानों से खरीदी जा चुकी है, जिससे दो लाख किलोग्राम महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन किया गया है।

महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस सीजन 10 लाख किलोग्राम चायपत्ती उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे हासिल करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में डेढ़ लाख किलोग्राम चायपत्ती का उत्पादन हुआ था, जिसकी पूरी बिक्री हो चुकी है। वर्तमान में महानंदा लीफ चायपत्ती की बिक्री जीविका सामुदायिक संगठनों, संकुल संघों, किसान उत्पादक समूहों, ग्रामीण बाजारों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन के माध्यम से भी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान डीपीएम अनुराधा चंद्रा, महानंदा एफपीसी के चीफ एग्जीक्यूटिव राजदीप कुमार, कंसल्टेंट राजन चौबे एवं विवेक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story