शिक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर, डीएम ने खुद परखी मिड-डे मील की गुणवत्ता

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर, डीएम ने खुद परखी मिड-डे मील की गुणवत्ता


कटिहार, 07 जुलाई (हि.स.)।जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मंगलवार को मनिहारी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय कांटाकोश का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल स्कूल की शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि बच्चों के बीच बैठकर उनके साथ मध्याह्न भोजन भी किया। जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे काफी स्वादिष्ट बताया और विद्यालय के प्रधानाध्यापक की प्रशंसा की।

स्कूल पहुंचे जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यालय प्रांगण और कक्षाओं का बारीकी से निरीक्षण कर बच्चों की पढ़ाई की स्थिति जानी। इसके बाद वे मध्याह्न भोजन के समय बच्चों के साथ पंगत में बैठ गए। भोजन करते हुए डीएम ने बच्चों से सहज रूप से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम तथा अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, छात्रों को यह आश्वासन भी दिया कि वे भविष्य में भी इसी तरह उनसे मिलने और स्कूल का जायजा लेने आते रहेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कदमों से बच्चों के समग्र विकास और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सुधार होगा।

इस निरीक्षण के अवसर पर जिलाधिकारी के साथ कटिहार के अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story