किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, डीएम ने कृषि विभाग को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, डीएम ने कृषि विभाग को दिए सख्त निर्देश


किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, डीएम ने कृषि विभाग को दिए सख्त निर्देश


सुपौल, 21 मई (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित कृषि एवं उससे जुड़े विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान फॉर्मर रजिस्ट्री, कृषि इनपुट, गरमा बीज वितरण, उर्वरक उपलब्धता, कृषि यांत्रिकीकरण, मिट्टी जांच, उद्यानिक फसल, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा समग्र गव्य विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धि समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।

जिला पदाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र किसानों का पंजीकरण जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों का सही डाटा तैयार होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में मिलने वाली सरकारी सहायता, अनुदान एवं योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

गरमा बीज वितरण की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। बीज वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बीज वितरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा सुनिश्चित करने को कहा कि सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बीज उपलब्ध रहे।

उर्वरक की उपलब्धता को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने उर्वरक की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उर्वरक दुकानों की निगरानी बढ़ाने को कहा गया।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता सिंचाई प्रमंडल, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story