छठ घाटों पर सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में पूरी करें सभी तैयारियां : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
छठ घाटों पर सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में पूरी करें सभी तैयारियां : डीएम


छठ घाटों पर सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में पूरी करें सभी तैयारियां : डीएम


किशनगंज, 09 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शहर के धर्मगंज स्थित मझिया छठ घाट एवं रमजान नदी छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मती, समतलीकरण, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं पहुंच पथ को दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने कहा कि संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं, एसपी संतोष कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को घाटों एवं आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया।

प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ विशेष निगरानी रखने को कहा।

महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पार्किंग स्थल निर्धारित करने एवं जरूरत के अनुसार वैकल्पिक यातायात मार्ग तैयार करने को कहा गया।

डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने तथा तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने छठ पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, एसडीपीओ सहित संबंधित पदाधिकारी एवं छठ पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story