डीएम की अध्यक्षता में जनसुनवाई, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन
दरभंगा, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर उनके सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में 30 से अधिक मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, शिक्षा विभाग, आयुष्मान कार्ड, बिजली आपूर्ति सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा में, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

