समस्तीपुर में विकास, सुरक्षा, पर्यावरण और जनहित कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
समस्तीपुर में विकास, सुरक्षा, पर्यावरण और जनहित कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक


समस्तीपुर में विकास, सुरक्षा, पर्यावरण और जनहित कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक


समस्तीपुर, 27 मई (हि.स.) जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार एवं कार्यालय प्रकोष्ठ में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रशासन, कानून-व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नगर प्रबंधन, भूमि विवाद, जनवितरण प्रणाली एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंदिर चाहरदीवारी एवं कब्रिस्तान घेराबंदी योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने एवं चयनित स्थलों पर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द एवं सामुदायिक सुरक्षा की दृष्टि से इन योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से संबंधित जिला पर्यावरण समिति, जिला आर्द्रभूमि समिति एवं एकल उपयोग प्लास्टिक उन्मूलन समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन तथा जल स्रोतों के संरक्षण हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित स्थलों पर शीघ्र कैमरा अधिष्ठापन कराने तथा सभी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने तथा संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी एवं समन्वित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।

सड़क सुरक्षा समिति एवं राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा से संबंधित बैठकों में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हित दुर्घटना स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य कराने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

भूमि विवाद एवं भू-समाधान पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, नियमित जनता सुनवाई तथा राजस्व संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

आपूर्ति टास्क फोर्स एवं जनवितरण प्रणाली से संबंधित बैठक में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पारदर्शिता एवं नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियोजन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।

नगर निगम समस्तीपुर क्षेत्र में संभावित अतिवृष्टि एवं जल-जमाव की समस्या को देखते हुए मानसून पूर्व सभी नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अतिरिक्त इको प्रिम कलेक्टिव फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक के साथ विभिन्न विकासात्मक एवं सामाजिक विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सरकार की योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय

Share this story