हर महीने के अंतिम रविवार को होगा पंचायत विकास दिवस, गांवों की समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान

WhatsApp Channel Join Now
हर महीने के अंतिम रविवार को होगा पंचायत विकास दिवस, गांवों की समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान


सुपौल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में तेजी लाने और पंचायत स्तर की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के प्रभावी संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मियों को पंचायत विकास दिवस के संचालन, शिकायतों के निष्पादन तथा विकास योजनाओं की निगरानी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।जिला प्रशासन का मानना है कि पंचायत विकास दिवस की नियमित व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी। साथ ही यदि संबंधित विभाग तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं तो पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद भी अधिक मजबूत होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story