डीएम ने डेहरी के प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने डेहरी के प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


डेहरी आन सोन, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर डीएम दीपक कुमार मिश्रा व एसपी राज ने शुक्रवार को डेहरी अनुमंडल के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पाली घाट, सुधा घाट एवं कालरात्रि घाट पर पूजा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में एसडीएम नीलेश कुमार व एसडीपीओ सत्यकाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम ने घाटों पर साफ-सफाई, जल की गहराई, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों से गाद, कचरा एवं अवांछित सामग्री हटाकर पूजा योग्य बनाने तथा आवागमन के रास्तों और सीढ़ियों को सुरक्षित करने का निर्देश दिया।

जल सुरक्षा को लेकर खतरनाक एवं गहरे स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार गोताखोरों की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने ने घाटों एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं बच्चों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

एस पी ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

छठ महापर्व आस्था एवं श्रद्धा का पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें तथा घाटों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story