दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के निर्माण में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के निर्माण में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश


दरभंगा, 13 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन, प्रस्तावित प्लेटफार्म सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों की सुविधा, बसों के सुचारु आवागमन तथा बस स्टैंड परिसर के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने बुडको के परियोजना निदेशक को बस स्टैंड के निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे यथाशीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो सके।

इसके बाद जिलाधिकारी ने मदारपुर स्थित होली क्रॉस स्कूल के समीप निर्माणाधीन नाला कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नाला निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं स्थल की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना निदेशक, बुडको को नाला निर्माण सहित सभी संबंधित कार्यों को भी तेज गति से पूरा कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक, बुडको, उप नगर आयुक्त जयचंद्र अकेला, संबंधित अभियंता, संवेदक के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story