छठ घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था करें : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
छठ घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता की पुख्ता व्यवस्था करें : डीएम


दरभंगा, 07 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केएम टैंक, मिर्जा खां तालाब, म्यूजियम घाट, दिग्घी तालाब और हराही पोखर का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम ने छठ से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था पूरी करने को कहा। घाटों के आसपास जमा कचरा एवं मलबा हटाने के साथ पहुंच पथों की भी सफाई कराने का निर्देश दिया।

हराही पोखर के समीप गड्ढों को मिट्टी से भरकर समतल कराने तथा दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को दुरुस्त करने को कहा। सुरक्षा के मद्देनजर गहरे घाटों को चिह्नित कर लाल झंडे और चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया। वहीं, महिलाओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम बनवाने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें और कार्यों की नियमित निगरानी करें।

निरीक्षण के दौरान महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सदर एसडीओ कुमार गौरव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774014 Articles

Share this story