डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण


सुपौल, 07 अगस्त (हि.स.)।

निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सावन कुमार ने सुपौल स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे आयोजित निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सील की स्थिति तथा आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिले के सभी राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक जिले में स्थापित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का हर माह बाह्य निरीक्षण तथा प्रत्येक तीन माह पर वेयरहाउस को खोलकर आंतरिक निरीक्षण किया जाता है।

इस प्रक्रिया का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर जनता और राजनीतिक दलों का विश्वास बना रहे। जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा ताले, सील, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों से वेयरहाउस की नियमित निगरानी और रखरखाव की जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि वेयरहाउस पूरी तरह सुरक्षित है तथा आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

निरीक्षण की पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सभी दलों को निरीक्षण प्रक्रिया से अवगत कराने का उद्देश्य पूरा हुआ। उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी निरीक्षण के दौरान सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देखा और आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही संपन्न कराई गई।

निर्वाचन आयोग ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत मशीनों को सुरक्षित वेयरहाउस में रखा जाता है, जहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रहती है। वेयरहाउस की नियमित मॉनिटरिंग के साथ-साथ समय-समय पर अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जाता है। प्रत्येक निरीक्षण का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाता है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शंका या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने तथा नियमित निगरानी जारी रखने के निर्देश भी दिए। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक माह बाह्य निरीक्षण तथा प्रत्येक तीन माह पर आंतरिक निरीक्षण किया जाता है।

आंतरिक निरीक्षण के समय वेयरहाउस को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाता है और मशीनों की स्थिति का परीक्षण किया जाता है। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहती है और सभी पक्षों को संतुष्टि मिलती है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों ने वेयरहाउस के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों की जानकारी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई। सभी आवश्यक रजिस्टरों एवं सुरक्षा संबंधी रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story