डीएम ने सकरी चीनी मिल का किया निरीक्षण, विस्तार एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा , 09 जुलाई (हि.स.)।

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सकरी चीनी मिल परिसर का स्थल निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीनी मिल के क्षेत्र विस्तार, परिसर के रखरखाव तथा भविष्य की आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी मिल के क्षेत्र विस्तार से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि मिल के संचालन एवं विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने मिल परिसर का भ्रमण कर भवनों एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, जिला ईख पदाधिकारी पुष्कर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story