जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 अंडरपास का किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त सर्विस लेन मरम्मती के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 अंडरपास का किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त सर्विस लेन मरम्मती के दिए निर्देश


सहरसा, 15 जुलाई (हि.स.)। जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को बैजनाथपुर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-107 के अंडरपास का राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पदाधिकारियों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अंडरपास की सर्विस लेन सड़क गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है, जिससे छोटे वाहनों के फंसने की आशंका रहती है तथा यह स्थल दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन गया है। इस स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित पदाधिकारियों को सर्विस लेन की अविलंब मरम्मती कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क की जर्जर स्थिति एवं जलजमाव के कारण यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है, तो इसके लिए उत्तरदायी राष्ट्रीय राजमार्ग-107 के संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बैजनाथपुर थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि ऐसी किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मरम्मती कार्य पूर्ण कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण प्राधिकरण के पदाधिकारी, बैजनाथपुर थानाध्यक्ष तथा जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story