सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण रोक: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण रोक: डीएम


सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण रोक: डीएम


भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने शनिवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का व्यापक आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (नगर), उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, 24x7 निगरानी प्रणाली, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सीसीटीवी के माध्यम से पूरे परिसर की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए और तकनीकी व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए।

डीएम अलंकृता पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा बलों को पूरी सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक अक्षम्य होगी। परिसर में किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति कतई न दी जाए और आने-जाने वालों के लिए बनाए गए लॉग-बुक एवं प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस परिसर के भीतर और आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story