डीएम ने किया सोलर मेला का उद्घाटन, रूफटॉप सोलर अपनाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने किया सोलर मेला का उद्घाटन, रूफटॉप सोलर अपनाने की अपील


डीएम ने किया सोलर मेला का उद्घाटन, रूफटॉप सोलर अपनाने की अपील


सीवान, 29 अप्रैल (हि.स.)।

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित आंबेडकर भवन में आयोजित “सोलर मेला” का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने आम लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल स्वच्छ और किफायती विकल्प है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिससे सोलर सिस्टम लगवाना आसान हो गया है।उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घरों और संस्थानों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर अपनी बिजली जरूरतों को पूरा करें और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी अर्जित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और उन्हें एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, तकनीकी परामर्श, सब्सिडी संबंधी जानकारी और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मेले में विभिन्न अधिकृत सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे, जिन्होंने उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की गुणवत्ता, लागत, इंस्टॉलेशन और रखरखाव से जुड़ी जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाकर न सिर्फ अपने बिजली खर्च में कमी लाएं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दें।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story