जनसुनवाई में डीएम ने सुनी लोगों की समस्याएं, 13 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में डीएम ने सुनी लोगों की समस्याएं, 13 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन


दरभंगा, 02 मार्च (हि.स.)।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पैक्स से जुड़े मामले, पेयजल समस्या, अंतर्जातीय विवाह, जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से संबंधित शिकायतों सहित अन्य जनहित के मुद्दे जिलाधिकारी के समक्ष रखे।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कुल 25 से अधिक आवेदनों की सुनवाई की, जिनमें से 13 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान शीघ्र, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक आवेदक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर की गई कार्रवाई की स्पष्ट और लिखित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला और प्रमंडल स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story