जिलाधिकारी ने कैडेट्स को दिया शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने कैडेट्स को दिया शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के तत्वावधान में बरारी स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन रविवार था भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने शिविर का दौरा किया। जिलाधिकारी के आगमन पर कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और मेजर वेंडी ने उन्हें पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस दौरान कर्नल राना ने जिलाधिकारी को कैंप में चल रही बालिका कैडेट्स की एनसीसी ट्रेनिंग और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में उपस्थित करीब 500 बालिका कैडेट्स को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कैडेट्स को एक जिम्मेदार नागरिक बनने, सामाजिक जागरूकता फैलाने और अपने आसपास की समस्याओं के समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में जिलाधिकारी ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कैडेट्स को अपने शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर कड़ी मेहनत करने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और उपलब्ध अवसरों का सही समय पर सही उपयोग करने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने सभी कैडेट्स को पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी के इस संबोधन से कैडेट्स में एक नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन की भी जमकर सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना द्वारा जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महिला आईटीआई के प्रिंसिपल श्री राजीव रंजन को भी स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इस विशेष अवसर पर बटालियन के सैन्य अधिकारी, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी, स्थायी अनुदेशक स्टाफ, गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर और महिला आईटीआई के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story