रौतारा मिडिल स्कूल में जब 'शिक्षक' बने डीएम: कक्षाओं में पहुंचकर ली क्लास, सवाल-जवाब से परखा ज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
रौतारा मिडिल स्कूल में जब 'शिक्षक' बने डीएम: कक्षाओं में पहुंचकर ली क्लास, सवाल-जवाब से परखा ज्ञान


कटिहार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रौतारा स्थित मिडिल स्कूल में मंगलवार का दिन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए बेहद खास और प्रेरणादायी साबित हुआ, जब विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने प्रशासनिक अमला पहुंचा।

निरीक्षण के इसी क्रम में कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सीधे कक्षाओं में पहुंचे और प्रशासनिक गंभीरता से परे एक सहज शिक्षक की भूमिका में नजर आए।

जिला पदाधिकारी ने न केवल बच्चों के बीच खड़े होकर उन्हें पढ़ाया और विषयगत सवाल पूछे, बल्कि जीवन में नियमित अध्ययन व अनुशासन का महत्व समझाकर छात्र-छात्राओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम औपचारिकताएं छोड़कर सीधे डेस्क तक पहुंचे और विद्यार्थियों से रूबरू हुए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से पाठ्यक्रम, सामान्य ज्ञान और बुनियादी विषयों पर रोचक सवाल किए। बच्चों द्वारा बेझिझक जवाब दिए जाने पर उन्होंने उनकी पीठ थपथपाकर उत्साहवर्धन किया। संवाद के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई के तौर-तरीकों, पसंदीदा विषयों, हॉबी और स्कूल के अनुभवों पर आत्मीय चर्चा की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और समय की पाबंदी ही आगे बढ़ने का सबसे मजबूत रास्ता है।

कक्षाओं के मुआयने के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ एक विशेष बैठक की। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर शिक्षकों से उनके अनुभव जाने और जमीनी सुझाव मांगे। परिचर्चा के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में उपलब्ध कराई जा रही नई और आधुनिक सुविधाओं, अनुकूल माहौल तथा पठन-पाठन के स्तर पर संतोष जाहिर किया। डीएम ने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचारी और रोचक शिक्षण पद्धतियां अपनाने पर बल दिया।

इस औचक व सघन निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा और विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन भी मौजूद रहे। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाने और एक प्रेरक अभिभावक की तरह मार्गदर्शन देने के लिए जिला पदाधिकारी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story