आश्रय गृह में बच्चों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
आश्रय गृह में बच्चों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा


दरभंगा, 22 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी ने मंगलवार को भराठी स्थित वृहद आश्रय गृह का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आश्रय गृह में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य सेवा एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।

डीएम ने सबसे पहले आश्रय गृह के प्रवेश द्वार एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात होमगार्ड जवान को पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। इसके बाद बच्चों के रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा एवं स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित कर्मियों से ली।

जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं समय पर उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिसर की स्वच्छता के बारे में बच्चों से जानकारी प्राप्त की। बच्चों से मिले फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, विशेष पुलिस इकाई के नोडल पदाधिकारी उदय शंकर, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अनिमेष कुमार चन्द्र, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story